Article

प्रिय बच्चों के नाम पत्र - शीतल भट्ट, रचनात्मक छात्रा

प्रस्तुत है आप सबके लिए, आगामी संकलन, " पौध - छोटी सी पुस्तक, बड़ी सी दुनिया " से एक अंश

प्यारे बच्चों,

कैसे हैं आप सभी?

आपसे कुछ बातें करना चाहती हूँ,

यह बचपन आपके जीवन का सबसे कीमती अवसर है, इसे खुलकर जियो।अपने आस-पास को जानो, समझो और अपनी जिज्ञासाओं को नए पंख दो।

  • अपना हर दिन खुशी और मस्ती के साथ जियो। खुद को कभी कम मत सोंचो,आपके पास वह सब करने की क्षमता है जो आप करना चाहते है,या होना चाहते है।
  • आपके पास सीखने के लिए बहुत सारे अवसर है, और खोने के लिए कुछ भी नहीं।
  • नए दोस्त बनाओ, उनके संग खेलो और पढ़ो|
  • कभी किसी साथी की मजाक सिर्फ़ इसलिए मत बनाना कि वह तुमसे अलग दिखता है,पढ़ना नहीं आता या किसी चीज को समझने में समय लेता है। हर किसी की अपनी रुचियां है और अपनी समझ।
  • आपमें से सब बच्चों की रुचियाँ अलग होगी। कुछ नई-नई किताबें पढ़ते होंगे, कोई चित्र बनाना पसंद करता होगा, कोई खेलना, तो कोई गाने और कहानियाँ सुनना। हर बच्चे की अपनी एक अलग पसंद, अपनी एक अलग दुनिया और अपने अलग सपने होते हैं। उन्हें अपने पसंदीदा रंगों से भरो। लेकिन ध्यान रहें किसी के भी रंग को धुंधला मत होने देना।

आप सभी साथ में सीखना, साथ में खेलना ,कभी तुम्हारे दोस्त को चोट लग जाए तो तुम उसका हाथ पकड़ उठा देना। यह दुनिया तुम्हारे हाथों से सबसे खूबसूरत बन सकती है।

बचपन जीवन का वह खूबसूरत समय है, जब छोटी-सी चीज भी हमें बहुत बड़ी खुशी दे सकती है। बारिश की बूंदों में खेलना, दोस्तों के साथ हँसना, नई कहानी सुनना, कोई सुंदर चित्र बनाना या किसी नई चीज के बारे में जानना—ये छोटी-छोटी खुशियाँ ही बचपन को खास बनाती हैं।

इसलिए प्यारे बच्चों, खूब खेलो, खूब हँसो और खूब सवाल पूछो।

अगर तुम्हारे मन में कोई सवाल आता है, तो उसे पूछने में कभी संकोच मत करना।

सवाल पूछना यह बताता है कि तुम कुछ नया सीखना चाहते हो।

किताबों को अपना दोस्त बनाओ, क्योंकि किताबें हमें ऐसी जगहों और ऐसी दुनिया तक ले जाती हैं, जहाँ हम शायद कभी न जा पाएँ।

  • वह हमें प्यार करना, करुणा और संवेदनशीलता से भरती है।
  • यह आपको एक ऐसी कहानी सुनायेगी जहां आप किसी की मदद कर रहें हो, जहां आप किसी की हिम्मत बन रहे हो, आपके भीतर वह गुण भर रही होंगी जिनकी समाज को जरूरत है।

पढ़ाई जरूरी है, लेकिन केवल किताबों से सीखना ही सीखना नहीं होता।

अपने आसपास के पेड़-पौधों को देखना, पक्षियों को पहचानना, दादा-दादी या नाना-नानी से उनकी पुरानी बातें सुनना, दोस्तों के साथ मिलकर कोई काम करना और अपनी गलतियों से सीखना भी शिक्षा का ही हिस्सा है।

और हाँ, कभी-कभी तुम्हें लगेगा कि तुम किसी काम में अच्छे नहीं हो या कोई दूसरा बच्चा तुमसे बेहतर कर रहा है। उस समय निराश मत होना।

हर बच्चा अलग होता है और हर किसी में कोई न कोई खास खूबी जरूर होती है।

किसी से अपनी तुलना करने के बजाय हर दिन खुद को कल से थोड़ा बेहतर बनाने की कोशिश करो।

 

अगर कभी तुमसे कोई गलती हो जाए, तो डरने की जरूरत नहीं है। गलती होना बुरा नहीं है, बल्कि गलती से कुछ सीखना बहुत जरूरी है। अपने माता-पिता, शिक्षकों और बड़ों से बात करो और अपनी बात खुलकर बताओ।

तुम्हारी भावनाएँ और तुम्हारी बातें भी बहुत महत्वपूर्ण हैं।

हम चाहते हैं कि तुम बड़े होकर केवल एक सफल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि एक अच्छे और संवेदनशील इंसान भी बनो।

  • ऐसा इंसान जो दूसरों की मदद करे, प्रकृति से प्यार करे, अपने दोस्तों का सम्मान करे और जरूरत पड़ने पर किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सके।
  • ईमानदार बनें, साहसी बनें, जिसके भीतर साहस हो गलत को गलत कहने का और सही की प्रशंसा करने का

अपने सपनों को छोटा मत समझना। आज तुम्हारे मन में जो छोटा-सा सपना है, वही कल तुम्हारे जीवन की सबसे बड़ी मंजिल बन सकता है। इसलिए सपने देखो, मेहनत करो और खुद पर विश्वास रखो,किसी काम को बड़ा या छोटा मत समझो। हर व्यक्ति का सम्मान करो, उसके काम का सम्मान करो। देखो एक किसान ,एक सफाईकर्मी ,एक सुरक्षाकर्मी सभी की अपनी भूमिका है।

तुम्हारा बचपन बहुत अनमोल है—इसे हँसी, खेल, किताबों, दोस्ती, सीखने और ढेर सारी खूबसूरत यादों से भर दो।

तुम सभी के उज्ज्वल भविष्य, अच्छी सेहत और ढेर सारी खुशियों के लिए मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएँ।

 

ढेर सारा प्यार

तुम्हारी दीदी

शीतल


शीतल जी, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के एक दूरस्थ पहाड़ी गांव भट्टयूडा से आती हैं। आपने अपना परास्नातक, भूगोल विषय में लक्ष्मण सिंह मेहर कैंपस पिथौरागढ़ से किया है। आप सामाजिक खांचों में फिट नहीं होना चाहती, इसे इस परिप्रेक्ष्य मे देखें कि आप हर वह रिवाज नकारना चाहती हैं जो आपको एक लड़की होने का हवाला देकर कम आंकते हो।

किताबें संवेदनशील ,सामाजिक ,निर्भय और वैज्ञानिक चेतना देती हैं, अतः किताबें पढ़ना, नया जानते रहकर अपनी समझ को विस्तार देते रहना आपकी आदत मे शुमार है। आपको फिल्में देखना पसंद है, और घूमना भी। भूगोल आपको अपनी ओर खींचती है साथ ही  नए और रचनात्मक लोगों के साथ बात करने और उनके बारे में जानने को उत्सुक रहती हैं |


अस्वीकरण - उक्त लेख में अभिव्यक्त विचार लेखिका के व्यक्तिगत विचार हैं और पाठकों तक अपने अनुभव पहुँचाने के निमित्त लिखे गए हैं, पाठकों के अनुभव इससे भिन्न भी हो सकते हैं|  


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  kumarchetnapsw@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं