banner

Pre-booking of books by the author started...

Books by Author Lovekush Kumar

Explore the books by author for excelling in your discipline.

Read Now

Physics

Explore for detailed physics solutions and tips.

Read Now

Society

Explore more about ideas and inspiring actions for a better society.

Read Now

Excellence

Explore more about ideas and inspiring actions for a better society.

Read Now

Human Values

Explore more about ideas and inspiring actions for a better society.

Read Now

Education

Explore more about ideas and inspiring actions for a better society.

Read Now

Appreciation and Promotion

Explore for "promotable images/quotes" at your social media for a better society.

Read Now

कुछ सवाल

सामाजिक स्थिति को लेकर कुछ जरुरी सवालों के लिए क्लिक करें।

अभी पढ़े

लघु कहानियां

लेखक द्वारा सामाजिक तानेबाने पर लिखित कुछ कहानियों के लिए क्लिक करें।

अभी पढ़े

भौतिकी (Physics in Hindi)

हिन्दी में भौतिकी की समझ को बेहतर करने के लिए क्लिक करें।

अभी पढ़े

Posters

A Visual Journey of Ideas, Events, and Inspiration.

Visit Now
Banner 2
Banner 3

Recent Articles

अनारको के आठ दिन: पुस्तक परिचय सह समीक्षा - अंकित मिश्रा

पुस्तक का नाम – अनारको के आठ दिन

लेखक - सत्यु

"अनारको का बहुत बहुत मन था कि पापा से कहे. पापा एक सवाल और पूछूं? और फिर पूछे कि आप जब भी कोई चीज जानते नहीं तो यह क्यों कह देते हैं कि उल्टा सवाल मत कर|"

 

प्रस्तुत पुस्तक में इसी प्रकार से बच्चों के सवालों, उनकी जिज्ञासाओं के उठने, अपने आसपास के माहौल को देखने, चल रही प्रक्रियाओं के कारण को समझने से जुड़े अनुभवों और बच्चों के इन व्यवहारों पर माता-पिता, विद्यालय और समाज की प्रतिक्रियाओं को बड़े ही सुन्दर तरीके व्यक्त किया गया है।

 

इस पूरे कथानक की नायिका अनारको है जो हर बात को जानने को जिज्ञासु है। लेखक ने कथानक को कुछ इस तरह बुना है कि अधिकतर बातें अनारको के सपनों में पूरी हो जाती हैं जो अलग-अलग दिनों में घटित होते हैं।

 

पहले दिन में उससे कहा जाता है कि लोटे में पानी लेकर ठाकुर जी को चढ़ा आओ तो वह सवाल करती है कि ठाकुर जी को पानी चढ़ाना या उन्हें खुश करना क्यों जरुरी है? फिर दादी के बताने पर कि ठाकुर जी तो पेड़ पौधे, कंकर पत्थर में हर जगह हैं, वह तर्क रखती है तो क्या मैं ये पानी बाहर भिंडी के पौधे में डाल दूँ।

 

दूसरे दिन में स्कूल की प्रक्रियाओं पर मछलियों की एक सभा द्वारा सवाल उठाये गए हैं जो बच्चों को मशीनीकृत वातावरण या अनुशासन के नाम पर दंडात्मक विधानों, कई तरह की बंदिशें लगाये जाने की ओर उन्मुख करते हैं। कई विद्यालयों में भी ऐसी बातें दिख जाती हैं नहीं अनुशासन के नाम पर बच्चों को बोलने की आजादी नहीं दी जाती। सवाल पूछने वाले बच्चों को अक्सर डांट मिल जाती है या उनके सवालों को टाल दिया जाता है। ऐसे ही एक विद्यालय में बच्चों से बातचीत के दौरान उनका बोलना ऐसे हो रहा था जैसे वे किसी खेल में बोल रहे हों और उनकी बात दूसरा सुन नहीं सके। "जबकि मध्यावकाश में उनकी आवाज में जबरदस्त तेजी देखने को मिली|

बच्चे हां या ना बोलने में सकुचा रहे थे। पूरी कक्षा एक दम शांत-शांत थी।"

 

तीसरे दिन में सामाजिक ताने-बाने और "पर उपदेश कुशल बहुतेरे" की समस्या दिखाई गई है जिसमें पितृसत्तात्मक परिवारों में जेंडर आधारित भेदभाव पर तंज कसा गया है। अनारको घर से भाग रही है तो गोलू के पापा उसे कहते हैं कि अपनी मौसी को भेज देना, नल आ रहा है, पानी भर ले आकर, जबकि वे खुद नल के पास में ही लेटे हुए हैं, लेकिन पानी भरना या घर से जुड़े काम तो केवल महिलाएं ही करेंगी, वे उठकर पानी नहीं भर सकते।

हमारे समाज में जेंडर आधारित भेदभाव एक बड़ी समस्या है, जिसमें समाज ने लिंग के आधार पर कामों का बंटवारा कर दिया है। कामाने घर से बाहर सिर्फ पुरुष ही जाएंगे और घर के कामों को महिलाएं ही करेंगी, ऐसी सोच और व्यवस्था हमारी सामाजिक और आर्थिक उन्नति के लिए बाधक है। साथ ही ऐसे लोगों की भी कमी नहीं जो खुद भले ही गलत व्यवहार करें लेकिन दूसरों को उपदेश देने में कोई कसर नहीं छोड़ते।

 

चौथे दिन के सपने के माध्यम से विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक मुद्दों पर बात की गयी है। हमारे समाज में अमीर-गरीब और ऊँच-नीच की जो खाई है वह समाज के लिए घातक है, इस पर बात की गयी है|

लेखक के ही शब्दों में अनारको ने देखा "जो ज्यादा अच्छे कपड़े पहने था वह ज्यादा बदमाशी कर रहा था।"

 

अनारको ने बहुत से लोगों ऐसे देखे थे। ऐसे- सब उन जैसे लगते थे जो गर्मी की दोपहर में कहीं से आकर घर के बाहर बैठे रहते थे और जब अनारको उनको पीने के लिए गिलास भरकर पानी देने जाती तो हमेशा मुँह के पास हाथ ले जाकर कहते 'डाल दो गुड़िया' कभी गिलास को हाथ में नहीं लेते।

 

पांचवें दिन में शिक्षा के उद्देश्य और आकलन को बेहतर तरीके से समझाया गया है। मम्मी के ये कहने पर कि पास होकर अच्छी नौकरी की जा सकती है तो अनारको कहती है कि ये काम तो मैं फेल होकर भी कर सकती हूँ। और यह कौन तय करता है कि कौन पास होगा और कौन फेल और यह तय करना जरुरी क्यों है? साथ ही आकलन के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रियाएं क्या समझने में ठीक तरह से मदद कर पाती हैं कि किसने क्या सीखा?

 

छठवें दिन में भूतों को लेकर समाज में व्याप्त अंधविश्वासों और बच्चों पर इनके प्रभाव को दर्शाया गया है। पहाड़ी सन्दर्भ में तो यह समस्या और बड़ी है। यहाँ तो बच्चे ढेरों ऐसी कहानियाँ जानते हैं जो भूतों के बारे में हैं। अमूमन इस अवधारणा की शुरुआत बाल्यकाल में ही हो जाती है। पालन पोषण के दौरान बच्चों को अलग-अलग तरीके से भय दिखाया जाना हमारी परम्पराओं में शामिल रहा है। जैसे शाम हो गयी, बाहर न जाना, नहीं तो भूत पकड़ ले जायेगा| इन बातों का बच्चों पर बहुत प्रभाव पड़ता है।

 

सातवें दिन में भी बहुत ही संवेदनशील बात को उकेरा गया है। बच्चों को अक्सर प्रदर्शन की वस्तु मान लिया जाता है। जैसे घर में कोई मेहमान आया तो बच्चों से कहा जाता है कि पोयम सुनाओ, डांस करो आदि। इस दिन प्रधानमंत्री आने वाले हैं तो सब लगे हैं उनकी आवभगत के लिए। घंटों के लिए सड़कों पर रास्ते बंद कर दिए जाते हैं और लोगों को कितनी परेशानी झेलनी पड़ती है।

 

आठवें दिन में किसी नई वस्तु के बारे में बच्चों की जिज्ञासा किस कदर बढ़ जाती है, वे वस्तु विशेष के बारे में जानने के लिए कई तरह के यत्न करते हैं। यह बात पुस्तकों के बारे में बहुत अच्छे से लागू होती है। कोई पुस्तक जब बच्चे को अच्छी लग जाए तो वह उसे पढ़े बिना नहीं रहेगा। लेकिन इसके लिए जरुरी है बच्चों को किताबों में रूचि पैदा की जा सके।

 

अनारको के आठ दिन पुस्तक बच्चों के व्यवहार, उनके कल्पना संसार, उनकी जिज्ञासाओं तथा हमारे कौन से व्यवहार बच्चों को पसंद नहीं आते, यह समझने के लिए बहुत ही उपयुक्त है।

-अंकित 

 

अंकित  मिश्रा जी हिन्दी विषय के विद्यार्थी हैं| उनका काम कक्षा- कक्ष में ऐसे हिन्दी शिक्षण को लेकर उन्मुख है जिसमें भाषाई कौशलों की सर्वोत्तम स्थिति बच्चों को हासिल कराई जा सके| उन्हें सम- सामयिक विषयों पर कविताएँ लिखना भी पसंद है|


इसी पुस्तक पर कुछ टिप्पणियां:- यहाँ क्लिक करें


 

अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  Lovekushchetna@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

 

 

Read More
अनारको के आठ दिन - सत्यु (बाल साहित्य) : पुस्तक सामग्री से कुछ टिप्पणियां

मुख्य पात्र - अनारको

पुस्तक में बच्चों के सवालों और व्यवहारों को किस प्रकार से प्रस्तुत किया गया है?

पुस्तक में बच्चों की जिज्ञासाओं, उनके आसपास की दुनिया को समझने की कोशिशों, और माता-पिता, विद्यालय और समाज की प्रतिक्रियाओं को सुंदर तरीके से व्यक्त किया गया है। बच्चों के अनुभवों और उनके व्यवहारों को समझने में मदद मिलती है।

पुस्तक में जेंडर आधारित भेदभाव को किस प्रकार दर्शाया गया है?

पुस्तक में जेंडर आधारित भेदभाव को दर्शाने के लिए, अनारको के परिवार की घटनाओं और बातचीत का उपयोग किया गया है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे घर के कामों को महिलाओं के लिए निर्धारित किया जाता है, जबकि पुरुष इससे दूर रहते हैं। यह समाज में मौजूद लैंगिक असमानता को उजागर करता है।

बच्चों पर अंधविश्वासों का क्या प्रभाव पड़ता है?

अंधविश्वास बच्चों के मन में डर और अनिश्चितता पैदा करते हैं। वे उन्हें दुनिया को एक डरावनी जगह के रूप में देखने के लिए प्रेरित कर सकते हैं, जहाँ हर चीज का जवाब नहीं है। इससे बच्चों में आत्मविश्वास की कमी और दूसरों पर निर्भरता की भावना भी आ सकती है। अंधविश्वास बच्चों को गलत जानकारी पर विश्वास करने और तर्कसंगत सोच से दूर रहने के लिए भी प्रोत्साहित कर सकते हैं।

बच्चों को शिक्षा में कैसे रुचि पैदा की जा सकती है?

बच्चों को शिक्षा में रुचि पैदा करने के लिए कई तरीके हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि शिक्षा को बच्चों के लिए मजेदार और मनोरंजक बनाया जाए। इसके लिए, शिक्षकों को बच्चों की रुचियों और जरूरतों को ध्यान में रखना चाहिए। उन्हें खेल, कहानियों, और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का उपयोग करना चाहिए।

इसके अतिरिक्त, माता-पिता को भी बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्हें बच्चों को पढ़ने और सीखने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए, और उनके सवालों का जवाब देना चाहिए। माता-पिता को बच्चों के स्कूल के काम में भी रुचि लेनी चाहिए और उनकी सफलता में मदद करनी चाहिए।

बच्चों को प्रदर्शन की वस्तु मानने से क्या नकारात्मक प्रभाव पड़ते हैं?

बच्चों को प्रदर्शन की वस्तु मानना उनके आत्म-सम्मान और विकास के लिए हानिकारक हो सकता है। इससे उन्हें ऐसा महसूस हो सकता है कि उन्हें प्यार और स्वीकृति पाने के लिए प्रदर्शन करना होगा। इससे उनमें आत्मविश्वास की कमी, सामाजिक चिंता और दूसरों को खुश करने की निरंतर आवश्यकता भी पैदा हो सकती है।

इसके अतिरिक्त, बच्चों को प्रदर्शन की वस्तु मानने से उनकी रचनात्मकता और जिज्ञासा भी कम हो सकती है। वे डर सकते हैं कि अगर वे गलतियाँ करते हैं तो उन्हें डांटा जाएगा, इसलिए वे नए विचारों और अनुभवों से डरेंगे।


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  Lovekushchetna@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

Read More
सवाल का महत्व है लेकिन उससे भी अधिक महत्व है इस बात का कि सही सवाल पूछा जाए: शिक्षा के संदर्भ में

2013 में मैंने प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करके बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया और फिर 2016 में आईआई टी दिल्ली, इन पड़ाव का प्रभाव, मेरे परिचितों पर पड़ा और परिणामतः कई लोगों ने अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए मुझसे सलाह ली

  • कुछ लोगों ने कहा कि गर्मी कि छुट्टी मे मैं उनके बच्चों को ट्यूशन दे दूँ
  • कुछ ने उन कोचिंग/स्कूल का नाम पूछा जहां मैंने पढ़ा
  • कुछ ने उन किताबों का नाम पूछा जिन्हे मैंने पढ़ा 
  • बहुत कम या कहूँ कि इक्का दुक्का लोगों ने पूछा कि "आप पढ़ते कैसे हैं, क्योंकि वही किताबें और उन्ही कोचिंग या उन्ही स्कूल का सहारा तो अन्य लोग भी लेते हैं फिर परिणाम अलग क्यों!"

 

जिन्होने नहीं पूछा तो उनको मैंने बिना पूछे ही "तरीके" पर सुनने का आग्रह किया लेकिन अधिकतर ने नजरंदाज करके सीधे किताब, कोचिंग या स्कूल के नाम पर फोकस किया क्योंकि उनके मन में था कि "पढ़ तो उनका बच्चा लेगा ही बस किताब/कोचिंग का नाम पता चल जाएगा"

बदलाव कुछ खास नहीं रहे, क्योंकि मेरी बताई किताब तो कई बार खरीद ली गयी, मेरी बताई गयी कोचिंग मे प्रवेश भी ले लिया गया लेकिन कितना कुछ सीखा जा सका, इस पर कोई बात न हुयी, बात हुयी तो सीधे रिज़ल्ट आने पर|

 

किताब और कोचिंग के जितना ही और कई मामलों में इनसे ज्यादा महत्वपूर्ण है "तरीका या एप्रोच" 

 

इसीलिए जब भी किसी से पढ़ाई पर बात करें तो उस चर्चा में तरीके को समुचित स्थान दें |

 

शुभकामनाएँ

-लवकुश 

Read More
आठवीं ऑनलाइन साप्ताहिक पुस्तक परिचर्चा 26-04-2026

बीते रविवार (26-04-2026) हम सबके सामूहिक प्रयास और आदरणीय महेश चन्द्र पुनेठा सर के प्रोत्साहन से आठवीं साप्ताहिक पुस्तक परिचर्चा का ऑनलाइन आयोजन सफल रहा, जिसमें निम्नलिखित पुस्तकों/रचनाओं/विषयों पर सार्थक चर्चा हुयी:

सर्जनात्मक शिक्षा – डॉ राघव प्रकाश एवं डॉ सविता पालीवाल

बाघेन – नवीन जोशी

जीव जंतुओं की विचित्र आदतें और प्रवृत्तियाँ - राजेंद्र कुमार राजीव

अविज्ञान – नरेंद्र कोहली

आषाढ़ का एक दिन – मोहन राकेश

प्रफुल्ल चन्द्र राय – पं श्रीराम शर्मा आचार्य

देवेंद्र मेवाड़ी के नाट्य साहित्य में बाल मनोविज्ञान (शोधपत्र)

तुम तो अच्छे मुसलमान थे रहमान

कमरुनिशा का कटोरदान

  • बेहतर समाज के लिए केवल आपका ही सजग और संवेदनशील होना जरूरी नहीं, इसके साथ इतना ही  जरूरी है कि पड़ोस का वातावरण भी बेहतर हो, एक उदाहरण से समझिए- यदि आप सड़क पर यातायात नियमों का पालन कर रहे हैं तो इतने भर से ही आपकी सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो जाती, अन्य चालकों का भी नियमों के प्रति सचेत और जिम्मेदार होना जरूरी है|
  • ये बहुत जरूरी है कि पुस्तक परिचर्चा जैसे जरूरी कार्यों का सिलसिला आगे बढ़े इसके लिए जरूरी हो जाता है कि हम स्वयं भी हिस्सा लें और अन्य साथियों को भी इस मुहिम से जोड़ें
  • बेहतर समाज के लिए जरूरी है कि संवेदनशीलता, सृजनशीलता का विकास और चेतना का उन्नयन हमारी शिक्षा का हिस्सा/उद्देश्य बन जाए
  • आलोचनात्मक दृष्टिकोण के विकास के लिए जरूरी है साहित्य अध्ययन, ऐसा अध्ययन जो विचारोतेजक हो|
  • हमे इस बात पर विचार करने की जरूरत है कि कहीं हम भौतिक संपन्नता, व्यक्तिगत संपत्ति अर्जन की भाग दौड़ मे चीजों को समग्रता मे देखने, या अपनी दृष्टि को समाज केन्द्रित या विश्व केन्द्रित रखने के बजाय व्यक्तिकेंद्रित तो नहीं हो जा रहे! कहीं ऐसा तो नहीं कि अपनी स्वार्थ सिद्धि या विलासिता के लिए हम समाज मे गंदगी, प्रदूषण या अराजकता फैलाने मे योगदान दे रहे हों! अगर ऐसा है तो हम इस गलतफहमी मे हैं कि ज्यादा दिन तक शुकून से रह पाएंगे
  • अगर हम वाकई आने वाली पीढ़ी और अपने बुढ़ापे मे शुकून और व्यवस्था की कामना रखते हैं तो हमे अपने व्यवहार और प्राथमिकताओं से समाज मे समता, स्वतन्त्रता, लोकतन्त्र, गरिमा और बंधुता की भावना बढ़ाने के लिए समुचित और संगठित प्रयास करने होंगे|
  • अर्थकेंद्रित और धनपिपासु रवैया समाज को शोषण और असामनता जनित अव्यवस्था की तरफ ले जाता है|
  • स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि शिक्षा का उद्देश्य मानव की अंतर्निहित शक्तियों का विकास है|
  • आज के समय की बहुत बड़ी और तात्कालिक जरूरत है कि शिक्षा में तकनीकी के साथ मानविकी और साहित्य के अध्ययन को उचित स्थान, उचित वेटेज मिले|
  • शिक्षा ऐसी हो कि जो हमारी क्षुद्रताओं को नंगा कर दे ताकि हम उससे ऊपर उठकर विश्वबोध कर सकें|
  • शिक्षा ऐसी हो कि मनुष्य अपने संकीरंताओं से ऊपर उठकर अपनी विराटता से परिचित हो और “विश्व मानव” बनने की तरफ अग्रसर हो|
  • हमे इस बात का सकल्प लेना होगा कि बतौर एक अभिभावक या शिक्षक हमे शिक्षा को जीवनोन्मुखी बनाने के लिए प्रयत्न करने होंगे|

  • किसी इंसान पर जो आपके ही बीच रहा हो उस पर भी मनगढ़ंत आरोप उसके व्यवहार पर अप्रत्याशित असर कर सकते हैं|
  •  लिखना तब ही सार्थक है जब यह उन तक पहुँच सके जिनहे संबोधित करते हुये लिखा गया हो, इसके लिए जरूरी है साहित्य का प्रचार प्रसार और उपलब्धता को सुनिश्चित करना, इसमे पुस्तक परिचर्चा और सामुदायिक पुस्तकालय एक निर्णायक भूनिका निभा सकते हैं|
  • कोई रचना इफेक्टिव हो, इसके लिए जरूरी हो जाता है कि वह पाठक को बांध सके, कम से कम पाठकों के उस वर्ग को जिसको ध्यान मे रखकर वह रचना रची गयी है|
  • उमेश पंत जी का साहित्य हमे समकालीन मिट्टी की धरातल की सच्चाई से अवगत कराता है|

  • क्या आपको पता है कि खरगोश के बिल में भी अलग अलग कमरे होते हैं, अलग अलग प्रयोजन के लिए ? चमगादड़ उल्टा क्यों लटकता है और कैसे ? ऐसा ही बहुत कुछ पढ़ जा सकता है, “जीव जंतुओं की विचित्र आदतें और प्रवृत्तियाँ - राजेंद्र कुमार राजीव ” में
  • जिज्ञासा और सवाल जरिया बन सकते हैं आविष्कारों के
  • साहित्य अध्ययन का रस ऐसा है कि यदि लग जाए तो समय का पता नहीं चलता और जिज्ञासा बढ़ती जाती है, बस जरूरत है तो एक रोचक किताब के संपर्क मे आ जाओ आप, जैसे हमारी एक पुस्तक साथी गुंजन त्यागी मैम, “आषाढ़ का एक दिन – मोहन राकेश” को एक ही दिन में पूरा पढ़ गईं
  • आधुनिक तरीकों से पौराणिक कहानियों की व्याख्या हमे बहुत कुछ सीखा सकती हैं जो हमे एक बेहतर नागरिक बनने मे मदद कर सकती हैं|
  • शिक्षा कमाई का जरिया नहीं, जीवन को बेहतर तरीके से जीन और खुद कि उच्चतम संभावनाओं को पाने का जरिया है|

उक्त परिचर्चा में निम्नलिखित पुस्तकसाथी शामिल रहे:

आदरणीय महेश चन्द्र पुनेठा सर, हर्षा भंडारी मैम, कृष्णकांन्त वर्मा,आरती मैम, अंकित मिश्रा सर, गुंजन त्यागी मैम, नंदेश्वर, अमितेन्द्र सिंह, सौम्या मैम, सचिन सिंह, अंशुल, शोभित, प्रिया, दिव्याशु, लक्ष्मण जोशी, प्रिया जायसवाल, उर्मिला, सिद्धार्थ यादव, अरुण मौर्या और लवकुश|

पुस्तक परिचर्चा मे शामिल सभी पुस्तक साथियों (Bookmates) ने पुस्तक परिचर्चा मे शामिल होकर/अभिव्यक्ति/सराहना/भागीदारी के माध्यम से इस पहल को पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने में, मानवीय मूल्यों के पोषण में, अपनी बात को बेहिचक रखने में महत्वपूर्ण माना एवं एक दूसरे के प्रति आभार व्यक्त किया ताकि इस जरूरी कार्य की नियमितता बनी रहे एवं समाज मे एक सकारात्मक बदलाव में अपना विनम्र योगदान सुनिश्चित किया जा सके |

धन्यवाद ज्ञापन के साथ परिचर्चा के संचालक लवकुश कुमार ने परिचर्चा को अगली परिचर्चा तक के लिए विराम दिया |

इस आशा के साथ कि यह रिपोर्ट पाठकों को पुस्तक परिचर्चा को समझने और उसमे शामिल होने के लिए प्रेरित करेगी |

अगली परिचर्चा 02 मई (रविवार रात 09 बजे)  को होगी, शामिल होकर पढ़ने-लिखने की संस्कृति पर काम करने में अपना योगदान सुनिश्चित करें और पुस्तक परिचर्चा से साहित्यिक लाभ लेते हुये अपने दिन की सार्थकता में एक और आयाम जोड़ें|

  धन्यवाद 

-लवकुश कुमार

Read More
हमारे जीवन में गायन और संगीत का महत्व - प्रिया कश्यप

एक गायक की भूमिका

         एक गायक सिर्फ सुरों, बोल, भावनाओं और हृदय के उद्गारों का संवाहक नहीं होता, वह लोगों की ज़िंदगी का हिस्सा बन जाता है और साथ मे होता है संगीत| 

       उसकी आवाज़ में वो ताकत होती है जो बिना भौतिक स्पर्श दिल को छू ले।

जब इंसान खुश होता है तो संगीत और गीत जश्न बन जाते हैं और जब निराश हो तो वही गाने मरहम बनकर दर्द कम कर देते हैं, आशा और उत्साह जगा देते हैं| 

गायक और गीतकार हमारे जज़्बातों की ज़ुबान होते हैं, जो बात हम कह नहीं पाते, वही बात एक गीतकार, गायक की आवाज के माध्यम से एक गाने में कह जाता है। मानवीय प्रेम और जुड़ाव की पहली धड़कन से लेकर जुदाई/अलगाव  के आँसू तक, हर लम्हे का साथी बन सकता है एक गीत|

सफर में, अकेलेपन में, त्यौहार में - गायक की आवाज़ और संगीतकर का संगीत हमारे साथ चलते हैं और यादें बना देते हैं|

समाज में भी गायक का बड़ा योगदान होता है, वह अपनी आवाज़ से संस्कृति को जिंदा रखता है लोकगीतों और भजनों को नई पीढ़ी तक पहुँचाता है। कई बार उसके गाने हिम्मत देते हैं, एकता का संदेश देते हैं और भाग-दौड़ भरी ज़िंदगी में कुछ सुकून दे जाते हैं।

ये, वह काम है जो कम लोग कर पाते हैं - दर्द में संबल देना और खामोशी को आवाज़ दे देना। इसीलिए एक सच्चा गायक सिर्फ स्टेज पर नहीं गाता, वो लाखों लोगों के दिल में बस जाता है।

 

जैसे:  अरिजीत सिंह, किशोर कुमार, भारत रत्न लता मंगेशकर जी सहित अनेक गायकों ने अपनी आवाज़ से कई दशकों तक देश को जोड़ा। 

गायक वह क्षमता रखता रखता है जो सुरों से दिलों को जोड़ दे। खुशी में जश्न, गम में मरहम और यादों में साथी बन जाए। वह अपनी आवाज़ और गीतकार के लिखे बोल से वह बात कह देता है जो हम अपने लफ्ज़ों से नहीं कह पाते। इसीलिए गायक सिर्फ कलाकार नहीं, हमारी रोज़ की ज़िंदगी का सुकून होता है।

संगीत हमारी संस्कृति, देश की पहचान को बनाए रखता है। अच्छा संगीत और मनमोहक बोल हमें हमारे अंदर की विराटता और सूक्ष्म विश्लेषण से परिचित करवाते हैं|

इसीलिए यदि आप भी अपने काम से लोगों को सुकून और उम्मीद देना चाहें तो संगीतकार। गायक या गीतकार बनने के बारे में विचार किया जा सकता है|

उदाहरण चाहिए तो बस एक लाइन लिखिए वेब सर्च में, अपनी जरूरत के अनुसार, "जीवन पर आधारित कुछ बेहतरीन गाने", फिर आएगी एक सूची जिसके गाने सुनने पर मिल सकता है समाधान आपकी दुविधाओं को और चैन आपके बेचैन मन को |

कुछ गाने ये भी "एक दिन बिक जाएगा माटी के मोल" और "जिंदगी एक सफर है सुहाना" आदि 

शुभकामनाएं

- प्रिया 

बरेली, उत्तर प्रदेश 


प्रिया जी स्नातक की विद्यार्थी हैं और सिविल सेवाओं की परीक्षा के लिए खुद को तैयार कर रही हैं|

आप कविताओं द्वारा स्वयं के विचारों और भावनाओं को व्यक्त करती हैं | समाज मे आपकी गहरी रुचि है और लोगों की मदद करने मे आपको एक अनोखी अनुभूति महसूस होती है, जो आपको और बेहतर करने को प्रेरित करती है|

इस बाबत कवि भवानी प्रसाद मिश्र जी की कुछ पंक्तियाँ याद आती हैं :

कुछ लिख के सो,

कुछ पढ़ के सो,

तू जिस जगह जागा सवेरे,

उस जगह से बढ़ के सो"

नए कवियों को निर्देशित करती वरिष्ठ कवि महेश चन्द्र पुनेठा जी की कविता, "पहली कोशिश" भी प्रासंगिक है:

मैं न लिख पाऊँ एक अच्छी कविता

दुनिया एक इंच इधर से उधर नहीं होगी

गर मैं न जी पाऊँ कविता

दुनिया में अंधेरा कुछ और बढ़ जाएगा

इसलिए मेरी पहली कोशिश है

कि मरने न पाए मेरे भीतर की कविता।


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ  साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें  नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो  Lovekushchetna@gmail.com पर ईमेल कर दें

फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

शुभकामनाएं

Read More
अंतस - जरा ठहरिए (लवकुश कुमार) - पुस्तक परिचय सह समीक्षा - शीतल

"अंतस - जरा ठहरिए"

लेखक - लवकुश कुमार

प्रकाशक  - नोशन (Notion) प्रेस चेन्नई 

"अंतस - जरा ठहरिए" लवकुश कुमार जी द्वारा लिखी गई पहली साहित्यिक पुस्तक है,जो हॉल ही में प्रकाशित हुई है।

यह सरल शब्दों में जीवन मूल्यों की तरफ़ पाठक का ध्यान खींचती है। जो बहुत ही संवेदनशील तरीके से लिखी गई है।

जो किसी क्षेत्र या किसी एक विषय के बारे में भले ही आपको पूर्ण ज्ञान न दे सकें। लेकिन आम जीवन में छोटी छोटी चीजों का क्या महत्व है, उस ओर आपको जरा देर खींचकर रोक देती है।

बहुत सामान्य से विषय है,जहां सूक्ष्म चीजों को लेकर उन्होंने अपना लेखन किया है। एक तरह से यह पुस्तक मन में उठते तूफान को शांत कर देती है, खुद के लिए अपराधबोध, समाज के लिए ईर्ष्या,खुद के ही आगे बढ़ने की लालसा को ठहर कर सोचने को कहती है। उनका मुख्य चिंतन समाज के लिए है जो यह कहते हैं कि अपनी एक जिम्मेदारी समाज के लिए भी रखो।अपनी जिंदगी में इतने परेशान रहने की जरूरत नहीं है, किसी जरूरत मंद इंसान की मदद करो वह किसी भी तरह से की जा सकती है। दूसरों की मदद करने से बड़ा कोई सुख नहीं है।

"क्यों पढ़नी चाहिए"

आज जब जिंदगी बहुत तेजी से भाग रही है, आए दिन तरह-तरह की घटनाएं हमें सुनाई देती है, जब मानव सभ्यता को एक अलग दिशा में प्रवाहित किया जा रहा है।मनुष्य के लालच और भोग विलास को ही जीवन का उद्देश्य मान लिया गया है, ऐसे में लवकुश जी बहुत से उदाहरण देकर जीवन का उद्देश्य समझाते है।

जब मनुष्य, मनुष्य होने के नाते कुछ न कर पाने के अपराधबोध से खुद को दबाएं हुए है, ऐसे में आज के वातावरण का सूक्ष्म अवलोकन के लिए मानो कोई जगह ही नहीं रह गई है और परिणामतः हम कोई कार्य इसलिए नहीं कर रहे कि उससे हमें आनंद की प्राप्ति हो।

जीवन के मूलभूत पहलुओं में यह किताब एक मनुष्य को स्पष्टता देती है कि अभी कुछ भी नहीं छूटा, एक तसल्ली देती है कि अभी कुछ भी नहीं बिगड़ा,अगर किसी कारण से पढ़ाई छूट गई या कुछ परिस्थिति बदल गई तो उसका विकल्प फिर से शुरू करना है न कि आत्मघाती कदम उठा लेना| 

जीवन की बारीकियों को समझाती हुई यह पुस्तक जीवन की खूबसूरती से पाठक का परिचय कराती है। वह स्पष्ट रूप से कहते हैं कि यह पुस्तक उनके द्वारा दुनिया और स्वयं को देखे और समझे जाने का प्रतिफल है।

यह पुस्तक पाठक के दिमाग में बहुत प्रभाव डालती है। मुझे स्वयं इसे पढ़ते हुए लग रहा था कि हां मुझे भी जरूरत थी इस तरह की पुस्तक की, जो आपको प्रेरित करें, लिखने को ,पढ़ने को अपने विचार खुल कर रखने को,अपनी असहमति दर्ज करने को और सामने वाले की बातों का सम्मान करने के लिए।

"पुस्तक एक स्पष्ट दस्तावेज है जो जीवन की उधेड़बुन से आपको न सिर्फ निकालेगी बल्कि हौसला और साहस देगी।"

  • किताब में हर एक अध्याय के शुरू होने से पहले लिखे गए महान व्यक्तियों के वाक्य बहुत ही प्रेरणा देते हैं, यह दिमाग के लिए किसी औषधी की तरह काम कर रहे हैं। इस तरह यह समृद्धता से हमारा परिचय कराते हैं।
  • वह काम को सम्मान देने की बात करते है न कि किसी की हां में हां मिलाने वाले इंसान को।
  • अंत में उनके द्वारा बहुत जरूरी फिल्मों, साहित्य, कविताओं की सूची दी गई है, जो काफी उपयोगी हैं। महेश पुनेठा जी की कविताएं ,आशुतोष जी की कविताएं भी शामिल हैं, जो इस माध्यम से ज्यादा लोगों तक पहुंच पाएंगी, जो आज के समय की जरूरत है।
  • इस तरफ भी ध्यान खींचा गया कि आज मानव जहां खुद के स्वार्थों से घिर चुका है,अपने आप की समस्याओं में उलझ चुका है, उसे किन्ही बातों से तब तक मतलब नहीं रहता जब तक वह उसके ऊपर न बीती हो, इस दृष्टि से  यह पुस्तक संवेदनशीलता को जीवन का जरूरी गुण मानते हुये पाठकों का ध्यान इसके महत्त्व की तरफ खींचती है।
  • पुस्तक में कहीं कुछ वर्तनी संबंधी गलतियां है, लेकिन यह पाठक के पढ़ने की लय नहीं तोड़ती। 
  • बाकी यह पुस्तक हमारे युवाओं के लिए एक मार्गदर्शक का काम करेगी ,जीवन की राहों में अच्छा करने, समाज के लिए अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने को प्रेरित करेगी, किसी से कुढ़ने की बजाय काम की प्रशंसा से मिली ऊर्जा को महत्व देगी।
  • लेखक का यह सोचना कि आप जो देखते हैं सोचते हैं उसे लिखना चाहिए,  बहुत सार्थक निर्णय है। लेखक का समाज के लिए कुछ करने का उत्साह उनके लेखन में झलकता है, जो इसे एक जीवंत दस्तावेज बना देता है।

"आसान और स्पष्ट भाषा में लिखी यह पुस्तक भटके राही के लिए पथ-प्रदर्शक, हताश व्यक्ति के लिए उम्मीद बनकर उभरती है।"

 

- शीतल 


शीतल जी, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के एक दूरस्थ पहाड़ी गांव भट्टयूडा से आती हैं। आपने अपना परास्नातक, भूगोल विषय में लक्ष्मण सिंह मेहर कैंपस पिथौरागढ़ से किया है। आप सामाजिक खांचों में फिट नहीं होना चाहती, इसे इस परिप्रेक्ष्य मे देखें कि आप हर वह रिवाज नकारना चाहती हैं जो आपको एक लड़की होने का हवाला देकर कम आंकते हो।

किताबें संवेदनशील ,सामाजिक ,निर्भय और वैज्ञानिक चेतना देती हैं, अतः किताबें पढ़ना, नया जानते रहकर अपनी समझ को विस्तार देते रहना आपकी आदत मे शुमार है। आपको फिल्में देखना पसंद है, और घूमना भी। भूगोल आपको अपनी ओर खींचती है साथ ही  नए और रचनात्मक लोगों के साथ बात करने और उनके बारे में जानने को उत्सुक रहती हैं |


उक्त पुस्तक निम्नलिखित लिंक से क्रय की जा सकती है :- https://notionpress.com/in/read/antas

         Amazon link

          Flipkart link


फीडबैक / प्रतिक्रिया या फिर आपकी राय, के लिए यहाँ क्लिक करें |

 

Read More
"कालिंदी"- शिवानी कृत: स्त्री अस्मिता, संघर्ष और संवेदनाओं की गहन कथा - पुस्तक परिचय सह समीक्षा - विशाल चंद

लेखिका – शिवानी ✍️

प्रकाशक – राधाकृष्ण पेपरबैक्स 

 “कालिंदी” सिर्फ एक उपन्यास नहीं हैं बल्कि एक गहरी अनुभूति की शुरुआत है जो पाठक को भीतर तक छू जाती है।

यह कृति एक स्त्री के आत्मसम्मान, संघर्ष और समाज से टकराने की कहानी को बेहद संवेदनशीलता और सजीवता के साथ प्रस्तुत करती है। नायिका डॉ. कालिंदी का व्यक्तित्व दृढ़, स्वाभिमानी और आत्मनिर्भर है। वह अपने जीवन के निर्णय स्वयं लेती है और उन निर्णयों की कीमत भी पूरी दृढ़ता से चुकाती है। यही उसे एक साधारण पात्र से असाधारण बना देता है।

उपन्यास में कालिंदी की मां (ईजा) अन्नपूर्णा का निःस्वार्थ त्याग, देवेंद्र का आंतरिक द्वंद्व और रिश्तों की जटिल परतें मिलकर एक ऐसा यथार्थ रचती हैं, जो कहीं न कहीं हर पाठक को अपना-सा लगता है। पुस्तक में कुमाऊँ की पृष्ठभूमि विशेषकर अल्मोड़ा और उसके आसपास के अंचल का जीवंत चित्रण इस रचना की आत्मा है। यहां की मिट्टी, हवा, संस्कृति और लोकजीवन शब्दों के माध्यम से जैसे सजीव हो उठते हैं।

“कालिंदी” केवल एक स्त्री की कथा नहीं हैं। इसमें तो अनेकों अनगिनत स्त्रियों की सामूहिक गाथा है जो आधुनिकता और परंपरा के बीच संतुलन बनाने की कोशिश में निरंतर स्वयं को खोजती रहती हैं। यह उपन्यास यह एहसास कराता है कि नारी केवल सहने के लिए नहीं बनी है‌। उपन्यास के नारी पात्रों का अपने निर्णयों पर अडिग रहना और अपनी पहचान गढ़ना इसका मजबूत पहलू है।

एक पाठक के शब्द इस कृति के प्रभाव को बेहद खूबसूरती से व्यक्त करते हैं—

"कालिंदी पढ़ते हुए ऐसा लगता है मानो मैं फिर से उसी पुराने अल्मोड़ा में लौट गया हूँ।"

स्वयं लेखिका के शब्द—

"मुझे लगा जैसे मुझे कुमाऊँ का सर्वोच्च साहित्य पुरस्कार मिल गया।"

यह लेखिका के पाठकों के प्रति उनके गहरे जुड़ाव और समर्पण को दर्शाते हैं।

 

डॉ. कालिंदी एक स्वयंसिद्धा स्त्री है, जो जीवन के हर झंझावात का सामना अपनी शर्तों पर करती है। यह उपन्यास कुमाऊँ की स्त्री शक्ति, उसके लंबे शोषण, उसकी अदम्य सहनशीलता और जिजीविषा का सशक्त दस्तावेज़ है। साथ ही यह नए और पुराने मूल्यों के टकराव और उनके पुनर्सृजन की कथा भी कहता है।

अन्नपूर्णा और कालिंदी जैसे पात्र आज भी हमारे समाज के हर कोने में मौजूद हैं जो लिए हुए हैं अपने भीतर अपार प्रेम, त्याग और संघर्ष को। यही इस उपन्यास को कालजयी बनाता है।

 

विशाल चन्द  @reading_owl.3

https://www.facebook.com/vishal.chandji

Reading Owl Facebook page

https://www.instagram.com/reading_owl.3


विशाल चन्द जी समाजशास्त्र के शोधार्थी, पाठक और संवेदनशील शिक्षार्थी हैं। नवीन ज्ञान अर्जन और सतत सीखना आपके व्यक्तित्व का अभिन्न हिस्सा है। पुस्तकों का पठन और संग्रहण आपको विशेष प्रिय है।

आपके भीतर एक घुमक्कड़ चेतना भी सक्रिय है, जो आपको नए लोगों, स्थानों और अनुभवों से जोड़ती रहती है। बागवानी आपके लिए प्रकृति से संवाद का माध्यम है।

आप समाज को अपने स्वतंत्र दृष्टिकोण से देखने और विभिन्न समूहों के साथ मिलकर सामाजिक दायित्वों के निर्वहन को निरंतर प्रयासरत रहते हैं।


जिस तरह बूँद-बूँद से सागर बनता है वैसे ही एक समृद्ध साहित्य कोश के लिए एक एक रचना मायने रखती है, एक लेखक/कवि की रचना आपके जीवन/अनुभवों और क्षेत्र की प्रतिनिधि है यह मददगार है उन लोगों के लिए जो इस क्षेत्र के बारे में जानना समझना चाहते हैं उनके लिए ही साहित्य के कोश को भरने का एक छोटा सा प्रयास है यह वेबसाइट ।

वेबसाइट के उद्देश्य के बारे में जानने के लिए यहां क्लिक करें।


अगर आपके पास भी कुछ ऐसा है जो लोगों के साथ साझा करने का मन हो तो हमे लिख भेजें नीचे दिए गए लिंक से टाइप करके या फिर हाथ से लिखकर पेज का फोटो Lovekushchetna@gmail.com पर ईमेल करें।

Read More
देवेंद्र मेवाड़ी सर की पुस्तकें : विज्ञान आधारित बाल साहित्य एवं अन्य उम्दा रचनाएँ (प्रकाशन और संपर्क सूत्र के साथ)

मेरी पुस्तकें

देवेंद्र मेवाड़ी

  1. सुनो बात विज्ञान की, प्रकाशक: साहित्य अकादमी, नई दिल्ली, सम्पर्क : विक्रय अनुभाग,'स्वाति', मंदिर मार्ग, नई दिल्ली-110001, फोन:011-23745297, 23364204, (sales@sahitya-akademi.gov.in), वर्ष 2025 में प्रकाशित, मूल्य: 125 रूपए, पृष्ठ संख्या: 84  
  2. यायावर की यादें, संभावना प्रकाशन, 64, रेवती कुंज, हापुड़ -245101, (उ.प्र.), संपर्कः अभिषेक, फोनः 7017437410,  अमेजॉन से इस लिंक पर क्लिक करके मंगा सकते हैं: https://amzn.in/d/h5Cg1xt , वर्ष 2025 में प्रकाशित, मूल्य: रू.395।
  3. मेरी यादों का पहाड़ (बचपन के आत्मकथात्मक संस्मरण) नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया, नेहरू भवन, 5- इंस्ट्यिूशनल एरिया, फेज-2, वसंत कुंज, नई दिल्ली- 110070, आनलाइन पता- http://www.nbtindia.gov.in/books_detail__6__general-titles__791__meri-yadoon-ka-pahad-hindi-.nbt,  वर्ष 2013  में प्रकाशित। अमेजॉन से - https://www.amazon.com/Meri-Yadoon-Ka-Pahad-HINDI/dp/B00JKO04HG
  4. छूटा पीछे पहाड़, संभावना प्रकाशन, 64, रेवती कुंज, हापुड़ -245101, (उ.प्र.), संपर्कः अभिषेक, फोनः 7017437410,  अमेजॉन से इस लिंक पर क्लिक करके मंगा सकते हैं: https://www.amazon.in/dp/9392621256?ref=myi_title_dp, वर्ष 2021 में प्रकाशित
  5. जीवन जैसे पहाड़, संभावना प्रकाशन, 64, रेवती कुंज, हापुड़ -245101, (उ.प्र.), संपर्कः अभिषेक, फोनः 7017437410,  अमेजॉन से इस लिंक पर क्लिक करके मंगा सकते हैं:  https://amzn.eu/d/25dP5VY, वर्ष 2022 में प्रकाशित
  6. दस कहानियां, (आइसेक्ट पब्लिकेशन, ई-7/27, एस. बी. आई., अरेरा कालोनी, भोपाल-462016, (भारत)  फोन: 0755-4851056, वर्ष 2023 में प्रकाशित , मूल्य: 150
  7. मोनू मोनाल (बाल साहित्य), रूम-टू-रीड ट्रस्ट, कार्यालय नंबर सी-21, कुतुब इंस्टिट्यूशनल एरिया, नई दिल्ली- 110016,  वर्ष 2022 में प्रकाशित।
  8. कथा कहो यायावर, संभावना प्रकाशन, 64, रेवती कुंज, हापुड़ -245101, (उ.प्र.), संपर्कः अभिषेक, फोनः 7017437410,  अमेजॉन से इस लिंक पर क्लिक करके मंगा सकते हैं: https://www.amazon.in/dp/8195294944?ref=myi_title_dp, वर्ष 2021 में प्रकाशित
  9. विज्ञान वेला में, नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया, नेहरू भवन, 5- इंस्ट्यिूशनल एरिया, फेज-2, वसंत कुंज, नई दिल्ली- 110070,  वर्ष 2018  में प्रकाशित। आनलाइन पता- http://www.nbtindia.gov.in/books_detail__20__popular-social-science__2745__vigyan-vela-mein.nbt
  10. दिल्ली से तुंगनाथ वाया नागनाथ (यात्रा संस्मरण), ‘आधार प्रकाशन प्रा. लिमि., एस.सी.एफ. 267, सैक्टर-16, पंचकूला- 134113 (हरियाणा), संपर्कः श्री देश निर्मोही, प्रकाशक फोनः 09417267004, 0172-2566952, वर्ष 2018  में प्रकाशित।ई.मेलः aadhar_prakashan@yahoo.com, आनलाइन पता- अमेज़ॅन लिंक
  11. विज्ञान की दुनिया  (बालोपयोगी लेखों का संकलन), ‘नवारुण’ प्रकाशन, संपर्क: संजय जोशी, फोनः 9811577426, ई मेल: navarun.publication@gmail.com, वर्ष 2018  में प्रकाशित।
  12. राही मैं विज्ञान का (मेरे साक्षात्कार), ‘आर. के. पब्लिकेशन’, मुंबई, मोबाइलः 9022521190, ई-मेल:publicationrk@gmail.com, संपर्कः रामकुमार, वर्ष 2019 में प्रकाशित, आनलाइन पता: अमेज़ॅन लिंक
  13. विज्ञान और हम, लेखक मंच प्रकाशन, 433, नीतिखंड-3, इंदिरापुरम, गाजियाबाद-201014, मूल्य रू. 140, संपर्कः अनुराग शर्मा, मोबाइलः 09871344533, ईमेल : anuraglekhak@gmail.com, वर्ष 2016  में प्रकाशित।
  14. नाटक-नाटक में विज्ञान, विज्ञान प्रसार, ए-50, इंस्टीट्यूशनल एरिया, सेक्टर -62, नोएडा, उत्तर प्रदेश- 201309, वर्ष 2018  में प्रकाशित। आनलाइन पता- विज्ञान प्रसार की वैबसाइट पर , ईमेल :publication@vigyanprasar.gov.in
  15. विज्ञाननामा,  ‘आधार प्रकाशन प्रा. लिमि., एस.सी.एफ. 267, सैक्टर-16, पंचकूला- 134113 (हरियाणा), 2014, संपर्कः श्री देश निर्मोही, प्रकाशक फोनः 09417267004, 0172-2566952, वर्ष 2014  में प्रकाशित। ई.मेलः aadhar_prakashan@yahoo.com,  आनलाइन पता-  http://www.amazon.in/Vigyannama-Devendra-Mewari/dp/8176754722/ref=sr_1_1?s=books&ie=UTF8&qid=1482761058&sr=1-1
  16. सौरमंडल की सैर, नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया, नेहरू भवन, 5- इंस्ट्यिूशनल एरिया, फेज-2, वसंत कुंज, नई दिल्ली- 110070, वर्ष  2009  में प्रकाशित।आनलाइन पता- http://www.nbtindia.gov.in/books_detail__10__nehru-bal-pustakalaya__273__sourmandal-ki-sair-hindi-.nbt
  17. विज्ञान बारहमासा,  प्रकाशन विभाग, भारत सरकार, पृष्ठ 108, मूल्य 155 रू. प्रकाशकः विक्रय अधिकारी प्रकाशन विभाग, भारत सरकार सूचना भवन, सी जी ओ काम्पलैक्स लोधी रोड, नई दिल्ली-110003, वर्ष  2008  में प्रकाशित। ईमेलः dpd@sb.nic.in (कृपया पुस्तक के लिए आदेश देते समय इस ईमेल पर भी संदेश भेजे singhpiks.comm@gmail.com)
  18. मेरी विज्ञान डायरी, भाग-1,  ‘आधार प्रकाशन प्रा. लिमि., एस.सी.एफ. 267, सैक्टर-16, पंचकूला- 134113 (हरियाणा) संपर्कः श्री देश निर्मोही, प्रकाशक फोनः 09417267004, 0172-2566952, वर्ष 2012 में प्रकाशित| ई.मेलः  aadhar_prakashan@yahoo.com, आनलाइन पता- http://www.amazon.in/Meri-Vigyan-dairy-Devendra-Mewari/dp/8176753416/ref=sr_1_2?s=books&ie=UTF8&qid=1482761058&sr=1-2
  19. मेरी विज्ञान डायरी, भाग-2 , ‘आधार प्रकाशन प्रा. लिमि., एस.सी.एफ. 267, सैक्टर-16, पंचकूला- 134113 (हरियाणा) संपर्कः श्री देश निर्मोही, प्रकाशक फोनः 09417267004, 0172-2566952, ई.मेलः  aadhar_prakashan@yahoo.com, वर्ष 2013 में प्रकाशित ।
  20. मेरी प्रिय विज्ञान कथाएं , ‘आधार प्रकाशन प्रा. लिमि., एस.सी.एफ. 267, सैक्टर-16, पंचकूला- 134113 (हरियाणा) संपर्कः श्री देश निर्मोही, प्रकाशक फोनः 09417267004, 0172-2566952, ई.मेलः aadhar_prakashan@yahoo.com,   वर्ष 2011 में प्रकाशित । आनलाइन पता- http://www.amazon.in/Priya-Vigyan-Kathayen-DevendraMewari/dp/8176753084/ref=sr_1_3?s=books&ie=UTF8&qid=1482761058&sr=1-3
  21. विज्ञान प्रसंग,   ‘आधार प्रकाशन प्रा. लिमि., एस.सी.एफ. 267, सैक्टर-16, पंचकूला- 134113 (हरियाणा) संपर्कः श्री देश निर्मोही, प्रकाशक फोनः 09417267004, 0172-2566952, वर्ष 2005 में प्रकाशित , ई.मेलः aadhar_prakashan@yahoo.com,  आनलाइन पता- http://www.amazon.in/Vigyan-Prasang-Devendra-Mewari/dp/8176752894/ref=sr_1_5?s=books&ie=UTF8&qid=1482761058&sr=1-5
  22. कोख (विज्ञान कथाएं) , नेशनल पब्लिशिंग हाउस, 2/35, अंसारी रोड, दरियागंज, नई दिल्ली, nationalpublishinghouse@ymail.com, वर्ष 1998 में प्रकाशित ।
  23. भविष्य (विज्ञान कथाएं) , नेशनल पब्लिशिंग हाउस, 2/35, अंसारी रोड, दरियागंज, नई  दिल्ली, nationalpublishinghouse@ymail.com,  वर्ष 1994 में प्रकाशित ।
  24. फसलें कहें कहानी (हिंदी, पंजाबी), आधार प्रकाशन प्रा. लिमि., एस.सी.एफ. 267, सैक्टर-16, पंचकूला- 134113 (हरियाणा) संपर्कः श्री देश निर्मोही, प्रकाशक फोनः 09417267004 0172-2566952, ई.मेलः aadhar_prakashan@yahoo.com, वर्ष 1994 में प्रकाशित ।
  25. अनोखा सौरमंडल, सारांश प्रकाशन, नई दिल्ली, वर्ष 1998 में प्रकाशित ।
  26. विज्ञान जिनका ऋणी है, भाग-1, नेशनल पब्लिशिंग हाउस, 2/35, अंसारी रोड, दरियागंज, नई दिल्ली, nationalpublishinghouse@ymail.com, वर्ष 1996 में प्रकाशित ।
  27. विज्ञान जिनका ऋणी है, भाग-2,  नेशनल पब्लिशिंग हाउस, 2/35, अंसारी रोड, दरियागंज, नई दिल्ली, nationalpublishinghouse@ymail.com, वर्ष 1996 में प्रकाशित ।
  28. सूरज के आंगन में , राष्ट्रीय विज्ञान संचार एवं सूचना स्रोत संस्थान, नई दिल्ली, 1994
  29. पशुओं की प्यारी दुनिया, राजकमल प्रकाशन, नई दिल्ली, वर्ष 1979 में प्रकाशित ।
  30. फसलें कहिण कहाणी (पंजाबी),अनुवाद- खुशवंद बरगाडी, तरकभारती प्रकाशन, बरनाला, पंजाब, वर्ष 2002 में प्रकाशित ।
  31. विज्ञानी जिन्हां दुनिया बदल दित्ती (पंजाबी), अनुवाद-सुरिंदर कौर कोहरवाला, पीपल्ज फोरम (रजि.), बरगाडी, फरीदकोट-151208 (फोन- 01635-244053, 09872989313), पंजाब, वर्ष 2014 में प्रकाशित ।

×××

स्रोत - आदरणीय देवेंद्र मेवाड़ी सर से प्राप्त सूची की फाइल से साभार 

ई-मेल : dmewari@yahoo.com


 लेखक परिचय - विज्ञान को साहित्य की सरसता और सरलता में पिरो कर देवेंद्र मेवाड़ी समाज को नई रोशनी दे रहे हैं। बीते 50 वर्षों से भी अधिक समय से वह अपनी किताबों, कहानी, विज्ञान साहित्य के लेखों से बच्चों को विज्ञान की बारीकियां सिखा रहे हैं। अब तक आधा दर्जन से अधिक राष्ट्रीय पुरस्कार अर्जित कर चुके देवेंद्र के आत्मकथा संस्मरण मेरी यादों का पहाड़ के लिए उन्हें साहित्य अकादमी 2021 के युवा एवं बाल साहित्य पुरस्कार के लिए चुना गया।

मूल रूप से नैनीताल जनपद के ओखलकांडा कालाआगर निवासी देवेंद्र मेवाड़ी का जन्म 1944 में हुआ। 12वीं तक पढ़ाई ओखलकांडा में पूरी करने डीएसबी परिसर से वनस्पति विज्ञान में एमएससी की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई पूरी कर भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान दिल्ली में तीन वर्षों तक अनुसंधान कार्य करने के बाद उन्होंने इस्तीफा दिया। इसके बाद जीबी पंत कृषि विवि पंतनगर में बतौर विज्ञान लेखक कार्य करना शुरू किया। जहां 13 वर्षों तक उन्होंने किसान भारती पत्रिका का संपादन किया। इसके बाद 22 वर्षों तक वह बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े रहे। वर्तमान में वह दिल्ली में रहकर मुक्त रूप से विज्ञान साहित्य का लेखन कर पाठकों की जिज्ञासा शांत कर रहे हैं।

स्रोत - साभार दैनिक जागरण, पूरी रिपोर्ट के लिए यहाँ क्लिक करें |

 

 

 

Read More
पुस्तक परिचर्चा के मायने, संक्षेप में

प्रस्तुत हैं कुछ पोस्टर:

दूसरा पोस्टर 

तीसरा पोस्टर 

कुछ अन्य लिंक :

सातवीं ऑनलाइन साप्ताहिक पुस्तक परिचर्चा 19-04-2026

छठी ऑनलाइन साप्ताहिक पुस्तक परिचर्चा 12-04-2026

पांचवीं ऑनलाइन साप्ताहिक पुस्तक परिचर्चा 05-04-2026

चौथी पुस्तक परिचर्चा (29-03-2026) का विवरण यथा पुस्तकें एवं शामिल पुस्तक साथियों के नाम और इनपुट्स

मानव हो, न मानविकी से दूर रहो (कविता)

क्यों शामिल हों पुस्तक परिचर्चा मे ? कुछ जरूरी जो पाया जा सकता है, एक दृष्टि |

किताबों से हम क्या पा सकते हैं : Book Meet ( पुस्तकों पर चर्चा ) एक सार्थक प्रयास और जरूरी भी : पहाड़ी वोकल्स - अजीम प्रेमजी फाउंडेशन पिथौरागढ़

शुभकामनाएँ और धन्यवाद

लवकुश कुमार

Read More
सातवीं ऑनलाइन साप्ताहिक पुस्तक परिचर्चा 19-04-2026

बीते रविवार (19-04-2026) को हम सबके सामूहिक प्रयास और आदरणीय महेश चन्द्र पुनेठा सर के प्रोत्साहन से सातवीं साप्ताहिक पुस्तक परिचर्चा का ऑनलाइन आयोजन सफल रहा, जिसमें निम्नलिखित पुस्तकों/रचनाओं/विषयों पर सार्थक चर्चा हुयी:

  1. श्रीमद भगवद्गीता
  2. रेत की मछली - कान्ता भारती
  3. स्वामी – मनु भण्डारी
  4. महाभोज – मनु भण्डारी
  5. आपका बंटी - मनु भण्डारी
  6. चले साथ पहाड़ – अरुण कुकसाल
  7. तीन - अमित श्रीवास्तव , बचपन के पुराने किस्सों को याद करने के लिए पढ़िए यह उपन्यास
  8. अकेलापन और निर्भरता -  आचार्य प्रशांत
  9. The Secret - Rhonda Byrne

  • गीता में हैं जीवन के सूत्र
  • क्या हम वाकई जानते हैं की हमारी भलाई किसमे है ?

  • क्या हम जो भगवान से मांगते हैं, वह वाकई हमारी जरूरत होती है ?
  • कहीं हम समाज सेवा के बाद तारीफ की आकांक्षा तो नहीं रखते हैं ?
  • कहीं ऐसा तो नहीं है कि हम समाज के लिए करते कम और सोचते ज्यादा हैं ?

  • अच्छा काम कर रहे तो उसे जारी रखें, असर दिखेगा, खुद के काम पर विश्वास रखें तारीफ की आकांक्षा न रखें
  • अपने अधिकारों के लिए अपनी बात स्वयं रखेँ और किसी और का इंतज़ार न करें आपकी पैरवी के लिए
  • खुद के लिए खड़े हों और बहस से भी परहेज न करें

न हारा है इश्क़ और न दुनिया थकी है

दिया जल रहा है हवा चल रही है     - ख़ुमार बाराबंकवी

  • पितृसत्तात्मक व्यवस्था से स्त्री पुरुष दोनों को ही नुकसान
  • रिश्ते का आधार, परस्पर उन्नती, जीवन मे शांति और सहयोग
  • नई वाली हिन्दी ताकि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पढ़ने की संस्कृति से जोड़ा जा सके
  • सेक्स एजुकेशन की जरूरत ताकि जीवन के विभिन्न मुद्दों के आनुपातिक महत्व निर्धारित करना आसान हो सके और साथ ही जिज्ञासाओं को समुचित रूप से संबोधित करके, युवाओं को किसी भी भ्रामक स्रोत से बचाया जा सके  
  • दूसरों पर नियंत्रण करने की इच्छा ने इंसान को स्वयं भी गुलाम बनाया है
  • पहाड़ों की दिक्कतों को पुस्तकों के जरिये शब्द मिले
  • जब दिक्कतें और आकांक्षाएँ व्यक्त की जाती हैं तो नीति निर्माताओं के लिए आसानी होती है और नीतियाँ प्रासंगिक बनती हैं
  • यदि आपको शिकायत है कि लोग आपकी बात समझ नहीं पाते तो आपको स्वयं भी साहित्य अध्ययन करना चाहिए और औरों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करना चाहिए ताकि खुद की बात को समझाना और दूसरों की बात को समझने के लिए आपको समुचित समझ मिल सके पृष्ठभूमि की |
  • अगर हम समझा नहीं पा रहे तो संभव है कि हम खुद ही अच्छे से नहीं समझे अभी
  • अकेलेपन से डरने वाला इंसान सामाजिक गुलाम बनता है – आचार्य प्रशांत

अकेलेपन का डर हमें अक्सर हमारे जीवन को अन्य वस्तुओं से भरने

पर मजबूर कर देता है। वहीं से उन वस्तुओं के प्रति आसक्ति का जन्म

होता है, जिसके कारण हमें जीवन में न जाने कितना दुःख भोगना

पड़ता है। यदि इस डर को गहराई से समझा जाए तो जीवन सरल

और बोधपूर्ण हो जाएगा। यह किताब हमें उस डर के पार ले जाने का

एक प्रयास है।   - अकेलापन और निर्भरता पुस्तक के कवर पृष्ठ से 

 

उक्त परिचर्चा में निम्नलिखित पुस्तकसाथी शामिल रहे:

योगेश बिष्ट (किताबवाला दोस्त), अवनीश त्रिपाठी, हिमांशु जोशी, लाल बहादुर, अमितेन्द्र सिंह, कर्ण भाईजी(लिटरेरी  लैंड), सौम्या मैम, सिद्धि तिवारी मैम, सचिन सिंह, शिवम राय, अंशुल, शोभित, आशुतोष, राजन वर्मा, आशुतोष श्रीवास्तव,अरविंद कुमार, गायत्री, प्रिया, दिव्याशु, लक्ष्मण जोशी, प्रिया जायसवाल, उर्मिला, उमा जायसवाल और लवकुश|

 

धन्यवाद ज्ञापन के साथ परिचर्चा के संचालक लवकुश कुमार ने परिचर्चा को अगली परिचर्चा तक के लिए विराम दिया |

पुस्तक परिचर्चा मे शामिल सभी पुस्तक साथियों (bookmates) ने पुस्तक परिचर्चा मे शामिल होकर/अभिव्यक्ति/सराहना/भागीदारी के माध्यम से इस पहल को पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने में, मानवीय मूल्यों के पोषण में, अपनी बात को बेहिचक रखने में महत्वपूर्ण माना एवं एक दूसरे के प्रति आभार व्यक्त किया ताकि इस जरूरी कार्य की नियमितता बनी रहे एवं समाज मे एक सकारात्मक बदलाव में अपना विनम्र योगदान सुनिश्चित किया जा सके |

इस आशा के साथ कि यह रिपोर्ट पाठकों को पुस्तक परिचर्चा को समझने और उसमे शामिल होने के लिए प्रेरित करेगी |

अगली परिचर्चा 26 अप्रैल को होगी, शामिल होकर पढ़ने-लिखने की संस्कृति पर काम करने में अपना योगदान सुनिश्चित करें।

 

  धन्यवाद 

-लवकुश कुमार

 

Read More